शहर के कीर्ति नगर में गली का निर्माण कार्य रोके जाने से लोग भड़क उठे। उन्होंने निर्माण रोकने के लिए थानेसर के भाजपा विधायक सुभाष सुधा द्वारा दबाव बनाने का आरोप लगाया है। वहीं इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा का कहना है कि अब यह मामला मुख्यमंत्री दरबार में ले जाने का इनेलो नेताओं ने मन बना लिया है।
कालोनी वासी समाज सेविका कलावती ने आरोप लगाया कि इनेलो के राज्यसभा सदस्य रामकुमार कश्यप द्वारा दी गई ढाई लाख रुपये की ग्रांट से कीर्ति नगर में रुहानी सत्संग वाली गली का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। मगर यह कार्य प्रशासन द्वारा रोक दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी गली में अधिकतर इनेलो कार्यकर्ता रहते हैं, जिसके चलते ही यह कार्य विधायक सुभाष सुधा द्वारा रोका गया है। विधायक द्वारा इनेलो कार्यकर्ताओं पर भाजपा में शामिल होने तक का दबाव दिया जा रहा है और कहा जा रहा है कि उनके भाजपा में शामिल होने पर ही इस गली का निर्माण हो पाएगा। इसी कारण ही बुधवार को कालोनी के लोग रोष जाहिर करने के लिए मजबूर हुए हैं।
कालोनी वासी सुनीता ने बताया कि बरसात के सीजन में कीर्ति नगर की इसी गली में सबसे ज्यादा पानी भरता है, जिसकी निकासी भी नहीं होती। इससे बीमारी फैलने का अंदेशा बना रहता है।
समाज सेवक रधुबीर गर्ग ने बताया कि यदि यह गली का कार्य जल्द नहीं शुरू हुआ तो वे कालोनी वासियों के साथ मिलकर डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। जरुरत पड़ी तो वे सीएम से भी मिलेंगे। तारों देवी, दिलबाग सिंह ,सोहन सिंह, दिना देवी, दुर्गा देवी ने भी विधायक पर काम रोकने का आरोप लगाया है।
वीरवार से शुरू होगा गली का कार्य : ईओ
नगर परिषद के ईओ एमएस जगत ने बताया कि गली की ग्रांट राज्यसभा के सदस्य रामकुमार कश्यप द्वारा जारी की गई थी। गली का कार्य वीरवार से शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा जो कालोनी वासियों ने आरोप लगाए है वे सभी निराधार हैं।
अफवाह फैला रहे लोग : सुभाष सुधा
आने वाले समय में नगरपरिषद के चुनाव हैं इसलिए लोग अफवाह फैला रहे हैं। विकास के कार्यों को कभी भी रोका नहीं जाता है। गली निर्माण रोकने की जो अफवाह फैलाई जा रही है यह सरासर गलत है।