प्रदेश के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने शुक्रवार को सरस्वती तीर्थ की सफाई व्यवस्था नियमित रुप से न होने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सरस्वती तीर्थ के गंदे पानी को बदला जाए। इस पानी को नियमित रुप से बदलने की व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध सरस्वती तीर्थ की सफाई नियमित रुप से करवानी होगी। इस मामले में किसी अधिकारी ने लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वे स्वयं सरस्वती तीर्थ की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तीर्थ पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित रुप से सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए ताकि रोजाना तीर्थ की सफाई की जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं सरस्वती तीर्थ की सफाई व्यवस्था का आंकलन करने के लिए निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि सरस्वती तीर्थ पर सफाई व्यवस्था का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। इस तीर्थ पर गंदे पानी को चैनल के माध्यम से निकाला गया है और इस तीर्थ में स्वच्छ जल भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि तीर्थ की सफाई व्यवस्था बनाए रखने से दूर दराज से आने वाले लोग अच्छा फीडबैक लेकर जाएंगे। इस तीर्थ की सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आम लोगों के सहयोग की भी जरूरत होगी।