हरियाणा के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि हरियाणा
में शीघ्र प्राचीन एवं पवित्र सरस्वती नदी का निर्मल जल बहना शुरू हो
जाएगा।
सरकार इस नदी के किनारे पर्यटन स्थलों को भी विकसित करने का काम
करेगी। राज्य सरकार ने सरस्वती हेरिटेज विकास बोर्ड का गठन भी किया है।
रामबिलास शर्मा बृहस्पतिवार को पिपली के विश्राम गृह में पत्रकारों से
बातचीत कर रहे थे। राजस्थान की जल संसाधन मंत्री किरण महेश्वरी ने भी
पत्रकारों से सरस्वती नदी के बारे में विस्तार से चर्चा की।
इससे पूर्व
विधायक सुभाष सुधा ने मेहमानों का स्वागत किया और कुरुक्षेत्र में सरस्वती
नदी को लेकर हुए कार्यों के बारे में बताया। मंत्रियों ने पिपली में
सरस्वती नदी की धारा को प्रवाहित करने के लिए किए जा रहे खुदाई कार्य का
अवलोकन भी किया। यहां पर गंदा पानी नदी की धारा में जाने से रोकने के लिए
नाले का निर्माण किया जा रहा है।
शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने
अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए। इस मौके पर कालका की विधायक लतिका
शर्मा, सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज, भाजपा जिला अध्यक्ष
धुम्मन सिंह किरमच, डॉ. रामेंद्र सिंह समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद
थे।
तीनों राज्य मिलकर करेंगे सरस्वती प्रोजेक्ट को पूरा : महेश्वरी
राजस्थान
की जल संसाधन मंत्री किरण महेश्वरी ने कहा कि उन्होंने शिक्षा मंत्री
रामबिलास शर्मा के साथ यमुनानगर में सरस्वती उद्गम स्थल आदिबद्री का दौरा
किया है। राज्य सरकार द्वारा 15 किलोमीटर के दायरे में खुदाई की गई है।
हरियाणा, राजस्थान और गुजरात का प्रयास है कि नासा द्वारा लिए चित्र के
अनुसार जमीन में खुदाई करके सरस्वती को धरातल पर लाया जाए।
तीनों प्रदेश
सरकार द्वारा आदिबद्री से कुरुक्षेत्र, पिहोवा, राखीगढ़ी, फतेहाबाद से
सिरसा होते हुए राजस्थान के हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर से
गुजरात के कच्छ तक कार्य पूरा किया जाएगा।