कुरुक्षेत्र। लोहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 31 अक्तूबर को द्रोणाचार्य स्टेडियम में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। उपायुक्त राजेश जोगपाल व एसपी वरुण सिंगला ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया तो अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रात: सात से आठ बजे तक राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसको लेकर पुलिस विभाग से आए अधिकारियों को सुरक्षा की दृष्टि से किए जाने वाले प्रबंध, रूट प्लान तैयार करने वाले, जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था के बारे, जीएम रोडवेज को बसों की व्यवस्था करने के बारे, लोक निर्माण एवं सड़क विभाग के अधिकारियों को स्टेज की रूप रेखा तैयार करते हुए उसे बनवाने बारे, ईओ नगरपरिषद द्वारा कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ अन्य जगहों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बेहतर समन्वय बनाकर समय रहते अपने विभाग से संबंधित कार्यों को करवाना सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन करवाया जा सके। उपायुक्त ने यह भी कहा कि कार्यक्रम के दृष्टिगत अतिरिक्त उपायुक्त कुरुक्षेत्र को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटियां लगा दी गईं है तथा रूट प्लान को चैक कर लिया गया है। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट, एसडीएम कपिल शर्मा, नगराधीश डॉ. रमन गुप्ता, डीएमसी पंकज सेतिया, डीएसपी अशोक कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।