कुरुक्षेत्र। विधानसभा चुनाव को पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर गठित एसएसटी, वीएसटी व एफएसटी टीम के सदस्य गंभीरता से कार्य करना सुनिश्चित करें। विधानसभा चुनाव में सबसे जरूरी है कि अपनी ड्यूटी भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुरूप करें और ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। आदर्श चुनाव आचार संहिता के पालन के लिए अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में कड़ी निगरानी करें। ये निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश जोगपाल ने दिए।
उपायुक्त ने कहा कि एसएसटी, एफएसटी व वीएसटी से जुड़े सभी अधिकारी विधानसभा चुनाव की चुनावी प्रक्रिया के दौरान पुलिस विभाग की टीमों के साथ बेहतर तालमेल करके अपना कार्य करें। अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखें ताकि कोई भी व्यक्ति आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन न कर सके। यदि कहीं पर आचार संहिता का उल्लंघन मिलता है तो उस पर तुरंत प्रभाव से नियमानुसार कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि छोटी गाड़ियों सहित बड़ी गाड़ियों की भी चेकिंग की जाए तथा चेकिंग के दौरान वीडियोग्राफी अवश्य की जाए। चेकिंग के दौरान अगर किसी गाड़ी में 50 हजार रुपये से ज्यादा की राशि हो, 10 हजार रुपये से अधिक राशि का गिफ्ट व सोना-चांदी मिलता है और टीम के अधिकारियों को उक्त राशि एवं गिफ्ट आइटम पर संदेह हो तो उसे सीज करें। चेकिंग के दौरान सीज की गई राशि एवं अन्य सामान को खजाना कार्यालय में जमा करवाया जाए।