कुरुक्षेत्र। रफ्तार की मार से हर दिन सड़क पर लोग मौत के मुंह में समा जा रहे हैं। वीरवार को भी फौजी के बड़े भाई समेत तीन लोग सड़क हादसों का शिकार हो गए। नेशनल हाईवे-152 पर गुमथला गढू नहर के पास कार चालक फौजी के बड़े भाई प्रवीन कुमार (31) निवासी पेगा (जींद) की कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर से कार ट्रक के पीछे ही फंस गई और ट्रक चालक उसके बेटे की कार को दूर तक घसीटते ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसी तरह कुरुक्षेत्र-ढांड रोड पर गांव मिर्जापुर के पास साइकिल सवार धर्मबीर सिंह (45) निवासी मिर्जापुर को कार तथा एनएच-44 पर शाहाबाद में नौगजा पीर के पास बाइक चालक सुखदेव सिंह (33) निवासी किरमिच को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, मगर उसकी नंबर प्लेट घटना स्थल पर टूट कर गिर गई। शिकायत पर पुलिस ने तीनों शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में धर्म सिंह निवासी पेगा (जींद) ने कहा कि उसका छोटा संदीप भारतीय सेना में है तथा बड़ा बेटा प्रवीन मनीमाजरा चंडीगढ़ में नर्सिंग स्टाफ प्रोवाइड कराने का काम करता था। करीब एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। 14 दिसंबर को वह अपने छोटे बेटे संदीप के साथ अपनी कार में प्रवीन से मिलने चंडीगढ़ गया था। वहां प्रवीन से मिलने के बाद वह भी उनके साथ अपनी कार में गांव जाने के लिए चल दिया। रात करीब साढ़े आठ बजे गुमथला गढू नहर के पास प्रवीन की कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई और ट्रक के पीछे फंस गई। तभी ट्रक चालक उसकी कार को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। करीब दो किमी जाकर उन्होंने ट्रक को रुकवाया। उन्होंने प्रवीन को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिये पिहोवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने प्रवीन को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
दूसरा मामला
----------------
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में मिर्जापुर निवासी हेमंत ने बताया कि वह एक मिल में काम करता है और रात करीब साढ़े आठ बजे मिल के काम से थर्ड गेट जा रहा था। इसी दौान एक कार चालक ने अपनी कार को तेज गति, गफलत व लापरवाही से चलाते हुए उसी के गांव के धर्मबीर के साइकिल के पीछे टक्कर मार दी, जिससे धर्मबीर साइकिल सहित सड़क पर गिर गया। उसने उसे संभाला और एंबुलेंस से एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया। सुबह उसे सूचना मिली कि दुर्घटना में लगी चोटों के कारण धर्मबीर सिंह की मौत हो गई। धर्मबीर मेहनत-मजदूरी करता था। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज किया है।
तीसरा मामला
थाना शाहाबाद में सुरेंद्र कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि बुधवार को वह अपने जीजा सुखदेव सिंह के घर किरमिच गया हुआ था। उसका जीजा गांव की एक महिला को बाइक पर अस्पताल में भर्ती उसके पति से मिलाने गया था। वह भी उनके पीछे अपनी बाइक पर अस्पताल गया था। वह महिला अपने पति के पास अस्पताल में ही रुक गई और वह दोनों अपनी-अपनी बाइक पर वापस गांव के लिए चल दिए। जैसे ही वे बुधवार-वीरवार रात करीब सवा 12 बजे एनएच-44 पर नौगजा पीर के पास पहुंचे तो उसके आगे बाइक पर रहे उसके जीजा की बाइक के पीछे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। उसका जीजा बाइक सहित सड़क पर गिर गया। ट्रक के चालक ने अपने ट्रक को थोड़ा आगे रोककर खिडकी से मुंह निकालकर पीछे देखा और अंधेरे फायदा उठाकर फरार हो गया। उसने राहगीरों की मदद से उसके जीजा को शाहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसके जीजा को मृत घोषित कर दिया।