कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की महिला बॉक्सिंग टीम ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर में आयोजित बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने एक गोल्ड, दो सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया है।
इस प्रतियोगिता में मूलरूप से हिसार के सेक्टर-4 वासी और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की छात्रा सिवी बूरा ने (63 से 66 किलोग्राम) क्वार्टर फाइनल मैच में पंजाब यूनिवर्सिटी की मुस्कान को और सेमीफाइनल में मेरठ यूनिवर्सिटी की आस्था को 5-0 से कड़ी मात दी। इसके पश्चात सिवी बूरा का फाइनल मुकाबले में चंडीगढ़ मोहाली यूनिवर्सिटी की खिलाड़ी अमृत के साथ हुआ। दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला बड़ा रोमांचक रहा। इस मुकाबले में सिवी बूरा ने 3-2 से सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने विजेता टीम व बॉक्सिंग कोच मनोज कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि बॉक्सिंग में केयू टीम ने छह मेडल जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास संभव है और शरीर को स्वस्थ व मजबूत बनाने के लिए खेल अनिवार्य है। पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थी खेलों में भी भाग लेकर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। लोक संपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. दीपक राय बब्बर ने बताया कि इसके साथ ही आठ छात्राओं ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम के लिए क्वालीफाई किया है।