लाडवा। सीएम सिटी से खाटू श्याम धाम रींगस के लिए विशेष बस सेवा शुरू की गई है, जिससे श्रद्धालुओं में खुशी है। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी ने मंगलवार को बस स्टैंड से जयपुर वाया खाटू श्याम धाम रींगस के लिए बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस प्रतिदिन लाडवा बस स्टैंड से सुबह 6:10 बजे पर रवाना होगी, जो शाम को करीब 5: 55 बजे खाटू श्याम धाम रींगस पहुंचेगी। लाडवा से रींगस तक 495 रुपये किराया लगेगा। यही बस प्रतिदिन जयपुर से सुबह 5:10 बजे लाडवा के लिए वापस रवाना होगी। इसके अलावा लाडवा बस अड्डे से सालासर, जोधपुर और चंडीगढ़ सहित अन्य कई लंबे रूट पर रोडवेज की बसें रोजाना हजारों यात्रियों को यात्रा करवा रही हैं।
उधर कैलाश सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर विधानसभा के श्रद्धालुओं के लिए खाटू श्याम धाम रींगस के लिए स्पेशल बस सेवा को शुरू किया गया है। अब इस बस में लाडवा क्षेत्र के श्रद्धालु भी खाटू श्याम धाम जाकर आसानी से दर्शन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा लाडवा विधानसभा क्षेत्र में रोडवेज विभाग में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। बस स्टैंड लाडवा की रिपेयर व रिनोवेशन का कार्य चल रहा है, इस कार्य पर एक करोड़ दो लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा चार नए बस क्यू शेल्टर निवारसी कॉलोनी, बीड सौंटी, बिहोली, मथाना का निर्माण किया जा रहा है, साथ ही दो बस क्यू शेल्टर निवारसी मोड और बीड मथाना की रिपेयर की जा रही है।
सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोजाना हलका के लोगों के लिए नई-नई सुविधाओं की सौगात दे रहे हैं। हलके के अधीन आने वाले गांवों और शहरों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। इस मौके पर रोडवेज जीएम शेर सिंह, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह, पूनम सैनी, प्रदीप सहगल, सत प्रकाश, देवराज राजू, गुरदेव, गुरदीप बेदी, विजय वधावन, नाजर नरेश सहित आदि गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।