कुरुक्षेत्र।द्रोणाचार्य स्टेडियम में विजेता खिलाड़ियों के साथ मुख्यअतिथि शिप्रा गुप्ता व अन्य।
कुरुक्षेत्र। जिला बैडमिंटन संघ की ओर से जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन द्रोणाचार्य स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में किया गया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तीन चरण रखे गए थे, जिनमें सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के 100 से ज्यादा खिलाड़ी शामिल रहे। प्रतियोगिता के अंडर 11 बालक आयु वर्ग में स्पर्श ने माधव को हराकर जीत अपने नाम की। अंडर 13 बालक आयु वर्ग में आरव ने एकम को परास्त किया। सब जूनियर में अंडर 13 बालिका आयु वर्ग में देवश्री का शानदार प्रदर्शन रहा, उन्होंने काफी रोमांचक मुकाबले में परी को हराया। जहां अंडर 15 आयु वर्ग में हर्षित विजयी रही तो वहीं इसी आयु वर्ग के मिश्रित मुकाबले में गौरव और तरंगिनी ने फाइनल मुकाबला जीता।
इसके अतिरिक्त अंडर 17 व अंडर 19 आयु वर्ग के लड़कों के एकल मुकाबले में हर्षित ने आयुष मेहला को मात दी और पुरुष युगल मुकाबले में अमिश ढींगरा और आर्यन की जोड़ी ने विजय हासिल की। इसके पश्चात विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें एनआईटी एसबीआई की प्रबंधक शिप्रा गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि के रूप में रहीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने से खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने कहा कि वे खेल और शिक्षा के क्षेत्र में हमेशा योगदान देती रहेगी।
जिला बैडमिंटन महासचिव प्रो. पीसी तिवारी ने कहा कि प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों की प्रतिभा में तो निखार आता ही है साथ ही प्रतियोगिताओं में भाग लेने से शरीर भी स्वस्थ रहता है। इसलिए विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इस मौके पर रोहित, विवेक शर्मा, बलजीत सिंह, अवतार सिंह, प्रह्लाद खंडूजा, विकास कुमार, रमन ढींगरा, आनंद बजाज, संजीव चोटानी, अभिलव कंबोज सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद