कुरुक्षेत्र। श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में सोमवार को अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी एवं अन्य संतों के सान्निध्य में सोम प्रदोष पूजन किया गया। महंत ने बताया कि त्रयोदशी तिथि को प्रदोष पूजन किया जाता है। यह भगवान शिव को समर्पित है। इस दिन पूजन करने से भगवान शिव की कृपा मिलती है। इसके साथ ही जीवन में शुभता का आगमन पड़ता है। इस अवसर पर मंदिर में चल रहे गीता पाठ में उन्होंने बताया कि मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष त्रयोदशी पर विशेष रूप से गीता पाठ का श्रवण करने से हमेशा सुख-समृद्धि बनी रहती है। गीता पाठ करना या सुनना हमेशा शुभ और पुण्यकारी माना जाता है। यह व्यक्ति को ज्ञान, शांति और आध्यात्मिक लाभ प्रदान करता है जिससे जीवन में सकारात्मकता आती है।