कुरुक्षेत्र। किरमच गांव में 29 मई की रात को चल रही साइकिल सर्कस देख कर लौट रहे रामरतन की हत्या के मामले में गुरुवार को थाना केयूके टीम ने छठे आरोपी गांव के ही प्रहलाद उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया है। केयूके थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि 29 मई को गांव में लोगों के मनोरंजन करने के लिए साइकिल सर्कस करने वाले आए हुए थे। रात करीब 10 बजे वह राम रतन व पूर्ण सिंह एक साथ साइकिल सर्कस देखने गए थे। वहां पर कुछ युवकों ने शराब के नशे में उनके साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी थी।
जब उन्होंने उनका विरोध किया तो उन सबने उनके ऊपर लोहे की रॉड व ईंट से हमला कर दिया था। हमले में राम रतन को काफी चोट आई थीं। मौका पर काफी लोग इक्कट्ठे हो गए, जिन्हें देखकर मारपीट करने वाले युवक जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। घायल राम रतन को अस्पताल पहुंचाया जहां पर डाक्टर ने राम रतन को मृत घोषित कर दिया था। मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ थाना केयूके में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच की गई थी। टीम ने तीन जून को मोहित उर्फ संदीप, रामकुमार उर्फ काला, आर्यन व एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया था। मोहित उर्फ संदीप को अदालत में पेश करके तीन दिन की रिमांड पर लेकर वारदात में प्रयोग लोहे की रॉड बरामद की गई थी। 11 जून को एक और नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया था। नाबालिग को अदालत में पेश करके बाल सुधार गृह मधुबन भेज दिया था। अब टीम ने प्रहलाद को काबू कर अदालत में पेश करने के बाद जेल में भेज दिया।