फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: रामलीला में सीता स्वयंवर और परशुराम लक्ष्मण संवाद का मंचन

विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। रामलीला का मंचन करते  जयश्री शारदा रामलीला एवं दशहरा सोसायटी की रामलीला के कलाकार।
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। स्थानेश्वर महादेव मंदिर मार्ग स्थित नेताजी सुभाष पार्क के नजदीक झांसा रोड चौक वाली जयश्री शारदा रामलीला एवं दशहरा सोसायटी की रामलीला में शनिवार रात्रि सीता स्वयंवर एवं परशुराम लक्ष्मण संवाद का मंचन किया गया।
विज्ञापन

रामलीला के मंच पर मनोहारी दृश्यों एवं संवाद के कायल दर्शकों ने कलाकारों के नाम से नकद इनाम राशि रामलीला पदाधिकारियों को सौंपी। मंच पर मिथिलापुरी का बगीचा दिखाया गया जिसमें सीता मां गौरी के दर्शनों के लिए पुष्प लेने आती हैं। वहीं श्री राम और लक्ष्मण भी इस बगीचे की अनुपम छटा देखने आते हैं।
संयोगवश श्रीराम और सीता एक दूसरे को निहारते हैं। सीता मां गौरी से प्रार्थना करती हैं कि उन्हें श्रीराम जैसा वर मिले। राजा जनक का दरबार दिखाया जाता है जिसमें वे सीता स्वयंवर रचाते हैं। दशानन रावण सहित सुदूर देशों के कई राजा शिव धनुष को उठाने का प्रयत्न करते हैं लेकिन हिला भी नहीं पाते। अंततः रघुकुल नंदन श्रीराम शिव धनुष को उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाते हैं।
विज्ञापन

इसके बाद भगवान परशुराम का आगमन होता है जिनके क्रोध से राजकुमार भयभीत हो जाते हैं। परशुराम जी के लक्ष्मण से संवाद होते हैं। सरपरस्त दर्शनलाल सैनी के निर्देशन में मंच पर कलाकारों ने सीता स्वयंवर से संबंधित किरदारों को जीवंत किया। महासचिव नरेश चौधरी ने रामलीला की विस्तारपूर्वक जानकारी में बताया कि मंच पर वरिष्ठ कलाकार महिपाल धीमान काला ने राजा जनक, सुमित गर्ग ने राम, शिवकुमार भटनागर ने लक्ष्मण, संजीव सैनी ने विश्वामित्र, यशपाल सैनी ने परशुराम, मुकेश सिसोदिया ने रावण, अमृत ने सीता की सखी, प्रिंस ने सीता, श्रीनिवास गोयल ने राजा जनक के मंत्री, सुरेंद्र सैनी लीला ने पेटू राजा, संजीव कौशिक ने बागबान, चीनी भाई, गोबिंद, सचिन शर्मा, लव सैनी और अथर्व ने स्वयंवर के राजकुमारों का अभिनय किया। बड़ी संख्या में आए दर्शकों ने जय श्री राम के जयकारे लगाए।
इस मौके पर फर्नीचर व्यवसायी राजेश कुमार सिंगला, सौरभ चावला और संजीव जिंदल आदि अतिथियों ने मां शारदा की आरती में हिस्सा लिया। प्रधान सतीश शर्मा, उपप्रधान सोहन लाल काक्यान और महासचिव नरेश चौधरी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

कुरुक्षेत्र। रामलीला का मंचन करते  जयश्री शारदा रामलीला एवं दशहरा सोसायटी की रामलीला के कलाकार।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें