कुरुक्षेत्र। गांव मथाना में एसआईआर के तहत वरिष्ठ नागरिक मांगेराम को फार्म भरने की जानकारी देते
- फोटो : रामेश्वर दास
कुरुक्षेत्र। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जिले में 54 प्रतिशत एन्यूमरेशन फार्म वितरित करने का कार्य पूरा कर लिया गया है। बीएलओ एवं अन्य अधिकारी तेज धूप के बावजूद मेहनत से कार्य करने में जुटे हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों में चार लाख 28 हजार एन्यूमरेशन फार्म वितरित किए जा चुके हैं। लाडवा विधानसभा में 61 प्रतिशत, शाहाबाद में 72 प्रतिशत, थानेसर में 38 प्रतिशत और पिहोवा विधानसभा में 57 प्रतिशत फार्म वितरित हो चुके हैं।
इस वर्ष एक जुलाई को 18 वर्ष की आयु वाले युवा भी वोट बनवा सकते हैं। एसआईआर को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विश्राम मीणा ने बताया कि एसआईआर मतदाताओं की त्रुटियां ठीक करने के लिए है। किसी की वोट काटी नहीं जाएगी। बीएलओ 15 जून से 14 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं को प्रपत्र देंगे। मतदाता इनको भरकर बीएलओ को दें। दो पासपोर्ट साइज फोटो जरूर साथ रखें। तैयार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई को किया जाएगा।
इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। पात्र मतदाता का नाम छूटने या अन्य त्रुटियों को समय रहते दूर किया जा सकेगा। मतदाता की जहां वोट है, बीएलओ से मिलकर प्रपत्र को भरना सुनिश्चित करें। दिक्कत पर जिला एवं उपमंडल स्तर पर बनाए हेल्प डेस्क पर जाकर प्रपत्र को भरने में मदद ले सकते हैं। टोल फ्री नंबर-1950 से भी सहायता ली जा सकती है। सभी बीएलओ 14 जुलाई तक घर-घर जाएंगे। मतदाता ऑनलाइन प्रणाली से भी फार्म भर सकते हैं। एसआईआर की प्रक्रिया में सभी जनप्रतिनिधि अपना सहयोग करें। मतदाता में जागरूकता लाने के लिए ग्राम सभाओं का आयोजन करने के साथ विशेष शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
दूसरे राज्यों से स्थानांतरण होकर आए मतदाता भर सकते हैं फार्म
एन्यूमरेशन फार्म को छह प्रकार से भरा जाना है। जिन मतदाताओं का नाम 2002 की मतदाता सूची में हैं, उनका स्वयं की डिटेल एवं 2002 का रिकॉर्ड भरा जाएगा। जिन मतदाताओं का 2002 की मतदाता सूची में नहीं है, उनके परिजनों (माता-पिता) की 2002 सूची का रिकॉर्ड फार्म में भरा जाएगा। जिन मतदाताओं एवं परिजनों (माता-पिता) का 2002 की मतदाता सूची में नाम नहीं है, उनके दादा-दादी के मतदाता सूची रिकॉर्ड को फार्म में भरा जाएगा। दूसरे राज्यों से स्थानांतरण होकर आए मतदाताओं को एसआईआर में शामिल कर सकते हैं। मतदाता को अपने एन्यूमरेशन फार्म में पहले राज्य की एसआईआर की डिटेल भरनी होगी। विवाहिता के आवेदन में पति की बजाय परिजनों (माता-पिता) के 2002 की सूची के रिकॉर्ड से डाटा लिया जाएगा। विवाहिता के आवेदन में यदि 2002 की सूची में केवल माता का रिकॉर्ड है तो माता की रिकॉर्ड की ही डिटेल शामिल की जाएगी।