संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र/पिहोवा। सदर थाने के बाहर गत देर रात को एक एसआई पर हमला कर दिया। थप्पड़ मारे जाने के साथ-साथ उसकी वर्दी भी फाड़ दी गई। रात करीब 11 बजे हुए इस घटनाक्रम को पास खड़े दूसरे पुलिसकर्मी देखते रहे लेकिन एसआई को छुड़वाने का प्रयास तक नहीं किया। एसआई पर नशे में होने, आरोपी युवक को थप्पड़ मारने व सात हजार रुपये रिश्वत मांगे जाने के आरोप लगाए गए, जिसके चलते ही उस पर हमला किया गया।
एसआई राजेश कुमार को सस्पेंड कर दिया गया जबकि उसकी शिकायत पर हमला करने के आरोपियों पर भी सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, मारपीट करने सहित कई आरोपों के चलते मामला दर्ज कर लिया गया। एसआई को पीटे जाने का वीडियो भी वायरल हो गया, जो पुलिस विभाग में भी चर्चा का विषय बना रहा। गांव असमानपुर निवासी गीता का कहना है कि उसका पति संजय कुमार पिहोवा में ही ढांड रोड पर ढाबा चलाता है। शनिवार रात उसकी बेटी बीमार हो गई थी और उसे दवा दिलानी थी। इसके लिए संजय को फोन किया लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। मौके पर पहुंची तो ढाबा भी बंद था। बाद में उसका फोन दूसरे ढाबे वाले ने उठाया और कहा कि संजय उसके साथ है। वह उनके पास पहुंच गई और संजय को साथ लेकर चलने लगी। वह उसके साथ झगड़ने लगा तो उसने डायल 112 पर सूचना दे दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन दोनों को थाने लेकर गई। जहां एसआई ने उसके पति को थप्पड़ मार दिया तभी संजय का भाई बिट्टू व अन्य परिजन भी पहुंच गए। एसआई बदसलूकी पर उतर आए, जिसके चलते वे थाने से निकलकर जाने लगे तभी एसआई भी उनके पीछे आ गया और थाने के बाहर फिर बदसलूकी की तो बिट्टू ने उसके साथ मारपीट कर दी, वहीं संजय ने आरोप लगाए कि एसआई ने उससे सात हजार रुपये मांगे और उसे थप्पड़ भी मारा।