कुरुक्षेत्र। श्रीश्याम संकीर्तन में हिस्सा लेते श्रद्धालु। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। श्री खाटू श्याम परिवार सेवा समिति की ओर से दीदार नगर में श्री श्याम संकीर्तन और भंडारा आयोजित किया गया। संकीर्तन में मुख्य यजमान शिव कुमार गोयल परिवार ने श्याम पूजन किया। भक्तों ने श्री श्याम जी का पुष्प शृंगार किया। गौरी-गणेश पूजन और मां सरस्वती वंदना से आरंभ हुए संकीर्तन में गायिका गिफ्टी शर्मा और श्रवणराज ने श्याम भजनों की झड़ी लगाई।
इनमें हम श्याम दीवाने हैं, ये शान से कहते हैं....., तेरी मुरली का ऐसा नशा हो गया, सारी दुनिया को छोड़ मैं तेरा हो गया....., भीड़ लगी है खाटू की गलियों में, श्याम तेरे दर्शन को मेरा नंबर कब आएगा....., सारे जग से हार के मैं आया तेरे द्वार, यहां भी हार गया तो जाऊं कहां सरकार.....और म्हारे संकट दूर न हुए तो ये बदनामी थारी है.....इत्यादि भजनों पर श्याम भक्त झूम उठे। श्याम जी के जयकारों से सारा वातावरण गुंजायमान हुआ।
संकीर्तन के दौरान श्याम जी की गाथा में बताया गया कि ये हारे के सहारे हैं। इनके दरबार से आज तक कोई निराश नहीं आया। श्री श्याम मंदिर (कुरुक्षेत्र धाम) के मुख्य पुजारी आचार्य शंभु प्रसाद और सचिव अटल शर्मा ने बताया संकीर्तन के बाद आरती हुई और आरती के बाद श्याम जी का पुष्प शृंगार भक्तों को प्रदान किया गया। मान्यता है कि पुष्प शृंगार से सभी बाधाएं दूर होती हैं। समिति पदाधिकारियों ने श्याम भक्तों से निवेदन किया कि श्याम मंदिर में लगातार मंदिर विस्तार, भंडारा, संकीर्तन आदि धार्मिक व जन सेवा कार्य होते रहते हैं।