कुरुक्षेत्र। श्री स्थाणु सेवा मंडल ने शहर में एक सिलाई सेंटर शुरू किया है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। इस सेंटर में दर्जन भर से अधिक महिलाएं एक साथ प्रशिक्षण ले सकेंगी। प्रशिक्षण के बाद वे अपना रोजगार शुरू कर सकेंगी। महंत बंसीपुरी के सान्निध्य में श्याम कॉलोनी स्थित महंत प्रभातपुरी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। श्री स्थाणु सेवा मंडल के प्रधान सतीश शर्मा ने बताया कि महंत बंसीपुरी और रेणु खुग्गर ने केंद्र का उद्घाटन किया। महंत बंसीपुरी ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और प्रशिक्षित करना महान कार्य है। उन्होंने श्री स्थाणु सेवा मंडल के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर महंत लक्ष्मीनारायण पुरी, महंत जगन्नाथ पुरी, स्वामी आशुतोष पुरी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।