थानेसर और पिहोवा में पंचायत चुनावों के नामांकन के अंतिम दिन लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। शनिवार को सुबह के समय लोगों की संख्या काफी कम रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ते गया लोगों की संख्या भी बढ़ती चली गई। हालात ये थे कि जो लोग दोपहर 3 बजे तक हॉल के भीतर पहुंच गए, उनका नामांकन दाखिल कर लिया गया, लेकिन जो लोग रह गए उन्होंने फार्म न लेने के आरोप लगाए। देर शाम तक लोगों की भारी भीड़ नामांकन कार्यालयों पर जुटी हुई थी।
दोपहर में लघु सचिवालय में लगी प्रत्याशियों की भीड़
कहने को लग रहा था कि नामांकन के अंतिम दिन दावेदारों की भीड़ देेखने को मिलेगी, लेकिन शनिवार को दोपहर तक केवल चुनिंदा ही अपना फार्म जमा कराने लघु सचिवालय में पहुंचे। वहीं दोपहर बाद जब केवल 3 घंटे की समय सीमा रह गई थी तब इन आखिरी लम्हों में दावेदारों की भीड़ केंद्रों में बढ़ने लगी जो कि देर शाम तक चलती रही। देर शाम तक हुआ खूब हंगामा होता रहा।
लघु सचिवालय जमी चौपाल
जिप का नामांकन भरने आए प्रत्याशियों के साथ पहुंचे गांववासियों ने लघु सचिवालय के बाहर ही चौपाल जमा ली। हालांकि हुक्के की जगह यहां पर बीड़ी के कश लगाए जा रहे थे। पूछने पर बाबैन से पहुंचे रामप्रकाश, विक्रम ने बताया कि वे बाबैन से ब्लॉक समिति के लिए दावेदार के साथ आए थे लेकिन वे तो अंदर अपना फार्म जमा कराने चला गया और हम नीचे ही रह गए इसलिए यही बैठकर चुनावी बिसात बना ली।
लाडवा विधायक पहुंचे ओमप्रकाश की स्पोर्ट में
पंचायती राज चुनाव के अंतिम दिन लाडवा विधायक भी ब्लॉक समिति बाबैन के वार्ड नंबर 6 से दावेदार ओमप्रकाश के नामांकन के लिए लघु सचिवालय पहुंचे। हालांकि विधायक अकेले ही आए थे लेकिन विधायक को देखकर पहुंचे गांववासी भी उनके साथ हो लिए है और देखते ही देखते लघु सचिवालय का मेन गेट मीटिंग का स्थल बन गया।
घूंघट ओढ़कर कूदी चौधर की जंग में
नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन काफी संख्या में महिला दावेदारों ने भी विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल किया। इनमें अधिकतर महिलाएं जो विभिन्न गांवों से थी वे घूंघट की आड़ से ही चौधर की जंग में शामिल हुई। परिजनों के साथ पहुंची महिलाओं में भी नामांकन को लेकर गजब का जोश दिखा।
एमटेक और एमए पास लड़कियां भी पहुंची चौधर पाने को
जिला परिषद के चुनाव में किसमत आजमाने के लिए वार्ड 8 से रजनी ने नामांकन भरा है। रजनी के पिता महेंद्र का कहना है कि वह स्वयं शिक्षा की शर्त पूरा नहीं कर पा रहे थे, लेकिन उनकी बेटी ने एमटेक किया है। वह चुनाव के मैदान में उनके सपनों को साकार करेगी। वहीं, दूसरी ओर वार्ड 2 से कंवलजीत कौर ने नामांकन दाखिल किया है। कंवलजीत एमए करने के बाद बीएड कर चुकी है। उसका कहना है कि वह विकास के लिए ही चुनाव के मैदान में आई है और विकास के मुद्दे पर ही में चुनाव लड़ेंगी। खास बात ये है कि दोनों प्रत्याशी महज 23 वर्ष की आयु में राजनीति में आई हैं।
जिप सदस्यों के लिए अंतिम दिन 99 ने भरा नामांकन
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2015 के लिए नामांकन के अंतिम दिन जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 99 दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस प्रकार जिप सदस्य के लिए कुल 218 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन पत्रों की छंटनी का कार्य अब 21 सितंबर की बजाय 22 सितंबर को होगा।
शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त प्रभजोत सिंह के पास 99 लोगों ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है। 15 से लेकर 19 सितंबर तक जिला परिषद सदस्य के लिए कुल 218 लोगों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सीजी रजीनिकांतन ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग के आदेशानुसार जिला परिषद सदस्यों व थानेसर तथा पिहोवा ब्लाक प्रथम चरण नामांकन पत्रों की छंटनी का कार्य 22 सितंबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इससे पहले निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 21 सितंबर को किया जाना था। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के पंचायती राज संस्थाओं के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है।
कुल 42 चुनाव चिह्न दिए गए है प्रत्याशियों के लिए
जिला परिषद के चुनावों के लिए प्रशासन द्वारा संभावित प्रत्याशियों के लिए कुल 42 चुनाव चिह्न दिए गए है जिन्हें नामांकन फार्म के निर्धारित फार्मेट में लिखना होगा। इन चुुनाव चिह्न में गाड़ी, उगता सूरज, पतंग, रेडियो, जीप, केतली, फावडा और बेलचा, जग, वायुयान, रोड रोलर, टेबल पंखा, पोत, हॉकी और गेंद शामिल है।