कुरुक्षेत्र। मृतक प्रताप सिंह।
- फोटो : संवाद
इस्माईलाबाद। गांव ठोल के पशु अस्पताल के पास शाहाबाद रोड पर हुए सड़क हादसे में शाहाबाद कोर्ट के अधिवक्ता की मौत हो गई। हादसा रविवार उस समय हुआ जब वह अपने गांव से शाम के समय वापस शाहाबाद जा रहे थे। जैसे ही ठोल गांव के पास पहुंचे तो एक सफेद रंग की क्रेटा कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान तंगौर निवासी प्रताप सिंह (54) के रूप में हुई है, उन्हाेंने फिलहाल अपनी रिहाइश शाहाबाद में बनाई हुई थी और वह शाहाबाद कोर्ट में अधिवक्ता के रूप में काम करते थे। हादसे के बाद पुलिस की सहायता से उन्हें लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के छोटे भाई गांव तंगौर निवासी शक्ति सिंह ने बताया कि प्रताप सिंह रविवार शाम करीब 5:30 बजे किसी कार्य से इस्माईलाबाद जाने के लिए बाइक पर घर से निकले थे। शाम करीब सात बजे जब वह स्वयं ठोल गांव स्थित पशु अस्पताल के पास पहुंचे तो वहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी। मौके पर उन्हें अपने भाई की बाइक मिली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सफेद रंग की क्रेटा कार ने सामने से बाइक को टक्कर मारी, जिसके बाद चालक वाहन लेकर शाहाबाद की ओर फरार हो गया। सूचना मिलने पर इस्माईलाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शक्ति सिंह की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वाहन नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।