कुरुक्षेत्र। नए शहरी फीडर को शुरू करते बिजली निगम एक्सईन हिमांशु पवार व अन्य अधिकारी।
कुरुक्षेत्र। बिजली वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने की कड़ी में ऑपरेशन डिवीजन यूएचबीवीएन के अंतर्गत 33 केवी सब स्टेशन पिपली से एक नया शहरी घरेलू फीडर हरि नगर से बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई। पिछले एक माह में कुरुक्षेत्र डिवीजन के अंतर्गत शुरू किये जाने वाला यह सातवां शहरी फीडर है। जबकि निगम द्वारा अब तक शुरू किए गए सभी घरेलू फीडरों में यह 100वां फीडर है। अब नया शहरी फीडर शुरू होने से शहर के 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सीधे लाभ मिलेगा तो वहीं दूसरे संबंधित फीडर से भी लोड कम होगा, जिससे वहां भी बिजली आपूर्ति सुचारू रहेगी। ऐसे में बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को बिजली समस्या से छुटकारा मिल पाएगा।
सब डिवीजन कुरुक्षेत्र, लाडवा और पिपली से छह शहरी फीडर पहले से ही चालू
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा एक नया शहरी फीडर हरि नगर को शुरू किया गया है। नया शुरू किया फीडर सातवां शहरी फीडर है जबकि इससे पहले अन्य छह शहरी फीडर सब डिवीजन दो कुरुक्षेत्र, सब डिवीजन लाडवा और सब डिवीजन पिपली से पहले से सक्रिय हैं। इसमें सब डिवीजन दो कुरुक्षेत्र के अंतर्गत 11 केवी कृष्णा नगर, 11 केवी सेक्टर 17, 11 केवी सिरसला रोड, 11 केवी खेड़ी मारकंडा तथा सब डिवीजन पिपली से 11 केवी शिव मंदिर, व सब डिवीजन लाडवा से 11 केवी इंद्री रोड को सक्रिय गया था। अब इनमें सातवां घरेलू फीडर जोकि सब डिवीजन पिपली से हरि नगर को भी शुरू कर दिया गया है। इसके शुरू होने से शहर के 10 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
पिछले तीन वर्षों में 21 नए घरेलू फीडर जोड़े : एक्सईन
बिजली निगम के एक्सईन हिमांशु पवार का कहना है कि नया शुरू किया फीडर यूएचबीवीएन के तहत सक्रिय किये जाने वाला 100वां घरेलू फीडर है। उनके कार्यकाल के दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति की निरंतरता को बढ़ावा देने के लिए पिछले तीन वर्षों में 21 नये घरेलू फीडर जोड़े हैं। उपभोक्ताओं को बिजली की अधिकतर समस्याओं से छुटकारा मिल चुका है और बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।