कुरुक्षेत्र। एलिवेटड ट्रैक पर शुक्रवार रात 8:31 बजे पहली बार पहुंची जींद-कुरुक्षेत्र पैसेंजर ट
- फोटो : samvad
कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी के लोगों का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर ट्रेनें दौड़ने का ड्रीम आखिरकार शुक्रवार को पूरा हुआ। एलिवेटेड ट्रैक से शुक्रवार को पहली बार जब जींद से चलकर पैसेंजर ट्रेन नए थानेसर स्टेशन पर पहुंची तो धर्मनगरी के लोगों का सात साल पुराना सपना पूरा हो गया। अब लोगों पांच रेलवे फाटकों से भी राहत मिल गई।
200 से ज्यादा श्रमिकों की 11 घंटे की कड़ी मशक्त के बाद एलिवेटेड ट्रैक की पटरिया व बिजली लाइनें जोड़ी जा सकी। वीरवार रात करीब 12 बजे शुरू किया गया काम शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे तक पूरा हो सका, जिसके बाद ही इंजन को एलिवेटेड ट्रैक पर चढ़ाया गया और पूरे ट्रैक के साथ-साथ पिहोवा रोड तक भी ले जाया गया।
दोनों ओर से ट्रॉयल किया गया, जिसके बाद ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दी गई। इसके बाद ही देर रात करीब साढ़े आठ बजे जींद से पैसेंजर ट्रेन पहुंची, जो करीब पांच मिनट तक ऐलिवेटेड रेलवे ट्रैक के नवनिर्माण किए गए थानेसर रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। इसके बाद यह मुख्य रेलवे स्टेशन की ओर रवाना हुई, जहां से तय समय पर करीब 10 बजे फिर जींद के लिए रवाना हुई।
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक को जोड़ने के लिए रेलवे विभाग की ओर से 11 घंटे तक इस रूट को ब्लॉक करने की इजाजत दी गई थी, जिसके अनुसार वीरवार आधी रात से ही बारिश के बीच 200 से ज्यादा श्रमिक पटरियां जोड़ने में जुट गए थे तो कई प्रकार की मशीनें भी लगाई गईं।
भले ही औपचारिक तौर पर 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से ऑनलाइन माध्यम से इसकी सौगात देंगे लेकिन इस ट्रैक से ट्रॉयल के दौरान इंजन को दौड़ते हुए शाम करीब चार बजे ही देखा गया, जिसको लेकर शहर के लोग उत्साहित दिखाई दिए। यहां बता दें कि पुराने रेलवे स्टेशन की जगह नया स्टेशन बनाए जाने के प्रोजेक्ट के साथ 446.84 करोड़ रुपए की लागत मानी गई।