पिहोवा। मुर्तजापुर गांव में दुकान में घुसकर दुकानदार पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने सात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में रोहतास निवासी मुर्तजापुर ने बताया कि गत दिवस वह अपनी दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान शराब के नशे में रवि, मनीष, अभि, संजू, अमन, राजेश व सोनू ने डंडे, तलवार, गंडासी और लोहे की राॅड से दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर हथियारों से हमला कर दिया। उन्होंने उसे दीवार के साथ पटक-पटककर मारा, जिससे वह बेहोश हो गया। आसपास के लोग एकत्रित हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायत पर पुलिस ने उपरोक्त सात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।