कुरुक्षेत्र/पिहोवा। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर साढ़े सात लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी जसवंत सिंह और दर्शन सिंह ने अपने रिश्तेदार के बेटे को 15 लाख में ऑस्ट्रेलिया भेजने का आश्वासन दिया था। थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में गुरचरण निवासी कलसा ने बताया कि वह अपने बेटे मनदीप को ऑस्ट्रेलिया भेजना चाहता था। इसके लिए उसके भाई के संबंधी दर्शन सिंह ने उससे 15 लाख रुपये मांगे थे, जिसमें साढ़े सात लाख रुपये पहले देना तय हुआ था। बकाया रकम ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर देनी थी। मई 2023 में आरोपी उनसे एक लाख रुपये नकद और पासपोर्ट ले गए। एक महीने बाद आरोपी ने उससे फाइल खर्च के नाम पर करीब 18 हजार लिए थे। उसके बाद आरोपी ने और रुपयों की मांग की जिस पर उसने 17 मई को ढाई लाख और 21 मई को एक लाख रुपये खाते में डाले थे। एक सप्ताह बाद 28 मई दोबारा डेढ़ लाख रुपये उनके बताए खाते में ट्रांसफर किए।
उसके बाद दर्शन सिंह उसके घर आकर टिकट के नाम पर 1.33 लाख रुपये ले गया था। काफी दिनों तक बेटे का वीजा नहीं आया तो उसने गुरचरण सिंह के पास जाकर बातचीत तो आरोपी ने 10 दिन वीजा आने का आश्वासन दिया लेकिन 10 दिन के बाद भी वीजा नहीं आया तो आरोपियों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। पंचायत होने पर आरोपी ने 23 मई को करीब 6.70 लाख का चेक और बाकी रकम दो अगस्त तक लौटाने का आश्वासन दिया, मगर खाते में रुपये न होने के चलते बैंक ने चेक बाउंस कर दिया। इस बारे में दोबारा बात करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।