कुरुक्षेत्र। थीम पार्क में बिना सिर के धड़ मिलने के 12 दिन बाद मंगलवार को सन्निहित सरोवर में तैरता हुआ सिर मिला, जिससे सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि जिस युवक का धड़ थीम पार्क में मिला था, यह सिर उसी का है। पुलिस को साक्ष्याें की खोज करते हुए सरोवर से एक जैकेट भी बरामद हुई है। अब बरामद हुए सिर का पोस्टमार्टम भी चिकित्सकों के उस बोर्ड द्वारा कराया जाएगा, जिसने पहले बिना सिर के मिले धड़ का पोस्टमार्टम किया था। दोनों ही रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों का मिलान कर इस ब्लाइंड हत्याकांड की गुत्थी सुलझाई जाएगी। पुलिस ने सरोवर से मिली जैकेट भी कब्जे में लेकर फोरेंसिंक टीम को सौंप दी है।
31 दिसंबर को थीम पार्क में दिव्यांग व्यक्ति का सिर कटा शव मिला था, जिसके पास खून से सना चाकू बरामद हुआ था, लेकिन सिर नहीं मिल पाया था। इसकी तलाश में अभी तक पुलिस लगी थी। मंगलवार को सन्निहित सरोवर से मिला सिर उसी शव का होने की आशंका जताई जा रही है। दोनों स्थानों में करीब 200 मीटर की दूरी है। पुलिस अब हर पहलू से जांच कर रही है कि कहीं यह सिर किसी अन्य मामले से जुड़ा न हो।
उतराता सिर देखा तो चकरा गई
सबसे पहले सिर को देखने वाली महिला सफाईकर्मी मनप्रीत ने बताया कि वह हर रोज की तरह सरोवर की सीढि़यों पर झाडू लगा रही थी। उन्होंने देखा की सरोवर में कोने के अंदर काफी गंदगी जमी हुई है तो झाडू से बाहर निकालने लगी तो उनका झाडू सिर से टकरा गया, जो दूर से नारियल जैसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन झाडू से हिला तो पता चला की यह मानव सिर है। यह देख वह चकरा गई और डर के मारे चिल्लाना शुरू कर दिया, साथी कर्मचारी भागकर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
थीम पार्क में मिले शव का प्रतीत हो रहा है सिर : मोहन लाल
सीआईए दो के प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सिर थीम पार्क में मिले शव का प्रतीत हो रहा है। पुलिस की टीमें इसकी हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के लोगों पूछताछ की जा रही है। वहीं थाना कृष्णा गेट के प्रभारी बलजीत ने बताया कि थीम पार्क के मामले में पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की हुई है और पुलिस की सात टीमें इसमें लगी हुई है। अब पुलिस को आशंका है कि यह सिर उसी शव का है, क्याेंकि हाल ही में आसपास के थानों में ऐसा कोई और मामला दर्ज नहीं हुआ है। फिर भी पुलिस ने सरोवर के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और सिर का फोटो दिखाकर शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने सिर की तलाश में जयपुर तक नापी दूरी, मिला 200 मीटर दूर
सरोवर में मिला सिर थीम पार्क में मिले शव की तरह ही रेता हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने इस सिर व शव की पहचान के लिए जयपुर तक की दूरी नाप डाली थी, लेकिन न तो सिर मिल पा रहा था और न ही धड़ की शिनाख्त हो पा रही थी, लेकिन अब धड़ मिलने की जगह से महज 200 मीटर दूरी पर मिले इस सिर से हर कोई हैरान है। पुलिस अब धड़ के बाद सिर मिलने के बाद राहत की सांस ले पाई है लेकिन यह सिर उसी धड़ का है या नहीं, यह अभी जांच का विषय है। धड़ दिव्यांग व्यक्ति का था, जिसकी एक कृत्रिम टांग कुछ दूरी पर रेलवे पटरी के पास मिली थी। इस पर जयपुर का मार्का लगा था, जिसके चलते पुलिस संबंधित कंपनी तक भी पहुंची तो बाद में पता चला कि ऐसे ही मार्का के कृत्रिम अंग अंबाला व अन्य जगहों पर भी तैयार किए जाते हैं।
200 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद भी पुलिस खाली हाथ
पुलिस ने धड़ मिलने के बाद करीब 200 सीसीटीवी कैमरे खंगाले लेकिन न आरोपी दिखाई दिए और न धड़ का सिर कोई ले जाता दिखा। सन्निहित सरोवर में सिर मिलने के बाद अब चर्चा शुरू हो गई कि पुलिस इतने सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बावजूद भी 200 मीटर दूरी तक सिर पहुंचाने वाले आरोपियों का पता नहीं लगा सकी।