इंस्टाग्राम पर महिला को गलत मैसेज भेजने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी लविश नारंग वासी घरौंडा (करनाल) को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। शहरवासी एक व्यक्ति ने थाना सिटी पिहोवा पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी मोबाइल की दुकान है। उसकी पत्नी का इंस्टाग्राम पर अकाउंट बना हुआ है। पिछले करीब एक सप्ताह से उसकी पत्नी के अकाउंट पर कोई अनजान व्यक्ति अलग-अलग इंस्टाग्राम अकाउंट से गलत मैसेज भेज रहा है। उसकी पत्नी ने जब उसे इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया तब आरोपी ने अलग-अलग अकाउंट से गलत मैसेज भेजने शुरू कर दिए। उन्होंने आरोपी से बातचीत करने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी उन्हें गुमराह व परेशान कर रहा है। शिकायत पर मामला दर्ज करके स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट टीम ने जांच करते हुए आरोपी लविश नारंग को गिरफ्तार करके कारागार भेज दिया है।