पिहोवा शहर थाना पुलिस ने स्टडी वीजा दिलाने के नाम पर 9.05 लाख की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित की पत्नी को स्टडी वीजा पर विदेश भेजने का भरोसा दिया था और उसको एडमिशन की रसीद भी दिखाई।
आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस एक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पिहोवा निवासी हर्षदीप ने पिहोवा शहर थाना पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। उनके रिश्तेदार का सरस्वती के पास बहल एसोसिएशन के नाम से प्रॉपर्टी एडवाइजर का कार्यालय है। वहां अंबाला के उगाला निवासी अंकित बुद्धिराजा आया। वह प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने के बारे में बात कर रहा था। इसी दौरान उसकी आरोपी से पहचान हो गई। कुछ दिन बाद अंकित ने उसे कहा कि वह बच्चों को स्टडी बेस पर विदेश भेजने का काम करता है। शिकायतकर्ता ने उसे बताया कि उसकी पत्नी विदेश में पढ़ाई करना चाहती है तो अंकित ने उसे कहा कि वह चिंता न करे वह उसे विदेश भेज देगा। आरोपी अंकित बुद्धिराजा दो अक्तूबर को 2020 को पिहोवा में बहल एसोसिएशन के कार्यालय में आया और उसकी पत्नी के कागजात ले गया। आरोपी ने उसे कहा कि वीजा लग गया है, उसे ऑफर लेटर भी दिखाया और कहा कि अब उसकी पत्नी की कनाडा में फीस भरनी है। आरोपी ने 20 अक्तूबर 2020 को कॉलेज की फीस के लिए 16 हजार कैनेडियन डॉलर, जिसकी भारतीय कीमत 9 लाख पांच हजार रुपये लिए। आरोप है कि धोखाधड़ी की नियत से नौ लाख पांच हजार रुपये की हेराफेरी करके उसके साथ ठगी की गई है। जब उसने आरोपी से पैसे वापस मांग तो उसे धमकी दी कि वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इतना ही नहीं आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।