कुरुक्षेत्र। समारोह स्थल के पास बनाए डिग्री के स्टेच्यू पर पोज देती हुई छात्रा। स्वयं
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित 35वें दीक्षांत समारोह में जहां एक ओर विद्यार्थियों को डिग्रियों से सम्मानित किया गया। वहीं दूसरी ओर ऑडिटोरियम हॉल के बाहर बनाए गए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने। इन सेल्फी प्वाइंट्स पर विश्वविद्यालय का लोगो, दीक्षांत समारोह का बैनर, पोडियम और पारंपरिक और आधुनिक डिजाइन का सुंदर समन्वय देखने को मिला। विद्यार्थियों और अतिथियों ने इन स्थानों पर उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं और इस खास पल को यादगार बनाया।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन की इस पहल की सभी ने सराहना की। ऐसे आकर्षक सेल्फी प्वाइंट्स ने दीक्षांत समारोह के अनुभव को और भी खास बना दिया जिससे विद्यार्थी अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण दिन को हमेशा याद रखेंगे। लोक संपर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि दीक्षांत समारोह के लिए विशेष रूप से सजे इन सेल्फी प्वाइंट्स ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। छात्र-छात्राएं अपनी अकादमिक उपलब्धियों को कैमरे में कैद करते नजर आए।