उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार देर शाम स्नातक के बीए और बीकॉम सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की। दूसरी लिस्ट में चयनित विद्यार्थी 21 से 25 सितंबर तक ऑनलाइन फीस का भुगतान करके दाखिला ले सकते हैं। हालांकि कॉलेजों में रिक्त सीट रहने पर विभाग द्वारा 28 सितंबर को एडमिशन पोर्टल पुन: खोला जाएगा। दरअसल, बुधवार सुबह उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से जिलेभर के तीन राजकीय कॉलेज सहित 12 कॉलेजों के विभिन्न पाठ्यक्रमों की दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जानी थी, लेकिन यह मेरिट लिस्ट बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे जारी की गई। इससे पहले दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी लिस्ट जारी होने का बड़ा बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। दूसरी लिस्ट जारी होने के पश्चात अब कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी।