कुरुक्षेत्र। गत सप्ताह एक किलो अफीम और 70 किलो चूरापोस्त के साथ पकड़े गए ट्रक चालक की निशानदेही पर पुलिस ने नशीला पदार्थ सप्लाई करने के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस गुरप्रीत सिंह उर्फ सोनी निवासी पोलो माजरा जिला फतेहगढ़ साहिब पंजाब समेत दो सप्लायर को पकड़ चुकी है। एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम 15 अगस्त को जिंदल चौक के पास गश्त कर रही थी। गुप्त सूचना पर टीम ने अजय कुमार व अजय निवासी कालख जिला लुधियाना पंजाब को ट्रक सहित पिपली चौक से काबू किया था। ट्रक की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक किलोग्राम अफीम व 70 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ था। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशीला पदार्थ सप्लाई करने के आरोप में हरिंद्र सिंह को गिरफ्तार करके कारागार भेज दिया था। आगामी जांच में टीम ने दूसरे आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ सोनी को पकड़ लिया। अदालत के आदेश से सप्लायर को कारागार भेज दिया।