कुरुक्षेत्र। डेढ़ साल पहले इंग्लैंड भेजने के नाम पर 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस नीरज कुमार निवासी सुर्खपुर समेत दो आरोपियों को पकड़ चुकी है। थाना शहर में दो मई 2023 को दर्ज शिकायत में हरकेश निवासी तिगरी ने बताया था कि आरोपी वैभव शर्मा ने उसके बेटे को इंग्लैंड भेजने के लिए 25 लाख रुपये में इकरार किया था। विश्वास करके उसने आरोपी वैभव शर्मा को उसके बेटे की कॉन्ट्रैक्ट मैरिज के नाम 10 लाख रुपये एडवांस तथा पासपोर्ट लिया था। बाद में मैरिज सर्टिफिकेट बनाने के नाम पर 55 हजार रुपये और लिए थे। कुछ दिन बाद आरोपी ने उनसे 11.40 लाख रुपये लेकर वीजा व टिकट दिया था। दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच हुई तो वीजा फर्जी पाया गया था। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायत थाना शहर में मामला दर्ज कर जांच आर्थिक अपराध शाखा ने करते हुए 27 जुलाई को आरोपी वैभव शर्मा को गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे 1.35 लाख रुपये बरामद हुए थे। आगामी जांच करते हुए पुलिस ने दूसरे आरोपी नीरज कुमार को पकड़ लिया।