संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पूर्व जिप सदस्य के बेटे से क्रिप्टो करेंसी में पैसा लगाकर सात लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गौरी शंकर निवासी ग्राम भूना जिला कैथल के कब्जे से दो हजार रुपये बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस आरोपी रणधीर सिंह निवासी छलौंदी से पांच हजार रुपये बरामद करके उसे कारागार भेज चुकी है।
थाना झांसा में दर्ज शिकायत में बेटे हर्ष माजरी निवासी झांसा ने बताया था कि नवंबर 2021 में उसकी मुलाकात रणधीर सिंह और गौरी शंकर से हुई थी। आरोपियों ने उसे क्रिप्टो करेंसी की स्कीम में पैसा लगाकर 100 दिन में सारा पैसा पूरा करने की बात कही थी। साथ ही चार महीने बाद जमा की रकम को दोगुना करने का आश्वासन दिया था। उनकी बातों में आकर उसने अलग-अलग तारीख में सात लाख रुपये गूगल-पे, फोन-पे, पेटीएम और नकदी दी थी। उसने अपनी जान-पहचान के काफी लोगों के पैसे भी उनकी कंपनी में लगवा दिए थे। आरोपियों ने निवेश राशि में से करीब 25 हजार रुपये लौटाए थे। शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी रणधीर सिंह को गिरफ्तार किया था। आगामी जांच करते हुए पुलिस ने दूसरे आरोपी गौरी शंकर को गिरफ्तार कर लिया। संवाद