कुरुक्षेत्र। जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में मंगलवार से एससीवीटी (स्टेट काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग) की परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन जिले के सरकारी और निजी आईटीआई में करीब 250 प्रशिक्षुओं ने परीक्षा दी। जिसमें सरकारी आईटीआई के केंद्रों में करीब 80, बहलोलपुर की आईटीआई केंद्र में करीब 92 और पिहोवा स्थित आईटीआई में 75 बच्चों ने यह परीक्षा दी, जो एक से तीन जुलाई तक चलेगी।
जिले के सरकारी और निजी आईटीआई सहित कुल आठ संस्थानों में परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। जहां प्रशिक्षुओं को केंद्रों पर पहचान पत्र की जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया और पूरे समय परीक्षा व्यवस्था पर विभागीय अधिकारियों की निगरानी रही। आईटीआई के नोडल अधिकारी जगमोहन ने बताया कि एससीवीटी परीक्षाओं के समाप्त होते ही छह जुलाई से एनसीवीटी (नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग) की परीक्षाएं शुरू होंगी। इन परीक्षाओं में जिले के करीब 3001 प्रशिक्षु शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर तैयारी शुरू कर दी गई हैं।