कुरुक्षेत्र। मधुमेह के बढ़ते मामलों को देखते हुए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के हेल्थ सेंटर में नवंबर माह के दौरान विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विश्व मधुमेह दिवस पर एसएमओ एवं हेल्थ सेंटर प्रशासक डॉ. आशीष अनेजा ने अभियान की शुरुआत की। इसके तहत प्रत्येक सप्ताह शुगर मरीजों की जांच की जाएगी। साथ ही कर्मचारियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को मधुमेह से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।
डॉ. अनेजा ने बताया कि नियमित जांच, संतुलित खानपान और शारीरिक सक्रियता से मधुमेह के दुष्प्रभावों को नियंत्रित किया जा सकता है। सर्दियों में शारीरिक गतिविधियां कम होने से शुगर का स्तर प्रभावित हो सकता है, इसलिए नियमित जांच जरूरी है। हेल्थ सेंटर में शिविर के माध्यम से मधुमेह के अलावा स्पायरोमेट्री, नसों एवं नाड़ियों, बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) और घुटनों से संबंधित समस्याओं की जांच निशुल्क की जा रही है। इसका उद्देश्य बीमारियों की समय रहते पहचान कर मरीजों को एक ही स्थान पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।