कुरुक्षेत्र। तकनीक की दुनिया में एक और बड़ा नवाचार सामने आया है। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के वैज्ञानिकों ने चार स्क्रीन से लैस एक नया फोल्डेबल पोर्टेबल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस विकसित किया है, जिसे हाल ही में पेटेंट प्राप्त हुआ है। यह तकनीक मौजूदा फोल्डेबल स्मार्टफोन से एक कदम आगे मानी जा रही है।
अब तक बाजार में केवल डबल फोल्डेबल यानी दो स्क्रीन वाले स्मार्ट डिवाइस ही उपलब्ध हैं, लेकिन इस नई तकनीक में चार अलग-अलग स्क्रीन दी गई हैं, जिन्हें जरूरत के अनुसार मोड़ा और खोला जा सकता है।
फोल्ड होने की स्थिति में सभी स्क्रीन सुरक्षित रहती हैं। इसके साथ ही बाहर से नुकसान का खतरा भी कम हो जाता है। इस डिवाइस की खासियत यह है कि इसमें लगा प्रोसेसर सभी स्क्रीन को नियंत्रित करता है। यूजर चाहें तो सभी स्क्रीन पर एक ही कंटेंट, हर स्क्रीन पर अलग-अलग जानकारी, या सभी स्क्रीन को जोड़कर एक बड़ा डिस्प्ले देख सकते हैं।
इस नई तकनीक को प्रोफेसर डॉ. अरविंद के नेतृत्व में डॉ पुनीत, प्रो. कृष्णा पांडेय और शोधार्थी कुनाल सैनी ने विकसित किया है, जिन्हें इसके लिए पेटेंट प्रदान किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह तकनीक स्मार्टफोन और टैबलेट के इस्तेमाल के तरीके को पूरी तरह बदल सकती है। आम लोगों के लिए यह डिवाइस ज्यादा बड़ा, ज्यादा सुरक्षित और ज्यादा स्मार्ट अनुभव देने वाला साबित होगा।