पिहोवा। उपमंडल में बुधवार को जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह के अंतिम दिन स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दी। गीता पर आधारित इन प्रस्तुतियों से पूरा माहौल गीतामय हो उठा। वहीं गीता पाठ किया गया तो भव्य शोभा यात्रा भी निकाली गई। इस दौरान मुख्यातिथि के तौर पर घुमंतू जाति विकास बोर्ड हरियाणा के चेयरमैन जयसिंह पाल ने कहा कि श्रीमद्भागवतगीता का उद्देश्य परमात्मा, आत्मा तथा सृष्टि विधान के ज्ञान को स्पष्ट करना है। जीवन की हर समस्या का हल गीता में मिलता है। जीवन उतार-चढ़ाव की एक यात्रा है। यदि इस यात्रा में कोई पथ प्रदर्शक है तो वह केवल गीता ही है। ऐसा कोई मनुष्य नहीं, जिसके जीवन में कष्ट और परेशानियां न हों लेकिन ऐसे दुखद समय का सामना करने का हौसला केवल गीता से ही प्राप्त होता है। इससे पहले प्रशासन व श्री कृष्ण कृपा गऊशाला की तरफ से गीता पाठ का आयोजन सरस्वती चौक पर करवाया गया, जिसमें घुमंतू जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन जयसिंह पाल ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में सूरज बेदी रंगमंच पार्टी द्वारा गीता से संबंधित गीता व रागिनी तथा नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
समारोह में एसडीएम अमन कुमार, नगरपालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि, केडीबी सदस्य युधिष्ठिर बहल, नरेंद्र तनेजा, सतीश सैनी, सतपाल शर्मा, रामधारी शर्मा, जगदीश तनेजा, राकेश पुरोहित मंडल अध्यक्ष, समाजसेवी महेश तलवाड़, विजय बंसल, विनोद डोलिया सति सभी पार्षद पिहोवा व इस्माईलाबाद सहित गांवों के सरपंच व पंच तथा सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
गीता पूजना के साथ निकाली शोभायात्रा
पवित्र ग्रंथ गीता की पूजा के बाद शोभायात्रा निकाली गई। गीता पाठ का आयोजन सरस्वती द्वार के समक्ष पिहोवा चौक पर किया गया। शोभायात्रा शहर के मेन चौक से आरंभ होकर मेन बाजार से होती हुई सरस्वती तीर्थ पर समाप्त हुई। शोभायात्रा का विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने स्वागत किया। इससे पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 11 बजे तीन स्कूलों के 700 बच्चों सहित उपस्थित अधिकारियों व लोगों द्वारा गीता पाठ का उच्चारण किया गया। उच्चारित किए गए सभी 18 श्लोक गीता के हर अध्याय से लिए गए हैं।
इस दौरान सरस्वती तट पर एक विशेष आयोजन किया गया, जिसमें रोटरी क्लब के प्रधान दीपक बावेजा और लायंस क्लब के प्रधान शाश्वत चक्रपाणी के नेतृत्व में दोनों क्लब के सदस्यों ने मिलकर 400 तुलसी के पौधे और 200 श्रीमद्भागवत गीता की प्रतियां लोगों में वितरित कीं। रोटरी क्लब के प्रधान दीपक बावेजा ने बताया कि तुलसी को प्राचीन काल से दिव्य औषधि के रूप में मान्यता प्राप्त है।