फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव: कनाडा के डाउन टाउन में निकलेगी भव्य शोभा यात्रा

विज्ञापन
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रीय गीता महोत्सव को विदेश में मनाए जाने की परंपरा के अनुसार इस बार का आयोजन कनाडा में होना तय हुआ है। अब इसके लिए वहां की जगह भी निर्धारित कर दी गई हैं। 16 से 18 सितंबर तक चलने वाले तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन प्रत्येक दिन अलग-अलग स्थानों पर होगा। पहले दिन 16 सितंबर को कनाडा की राजधानी ओटावा स्थित पार्लियामेंट में गीता पर आधारित एक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। ऐसा पहली बार होगा जब किसी देश की पार्लियामेंट में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले 2019 में लंदन तीन दिवसीय आयोजन ब्रिटिश पार्लियामेंट के एटली हाल में हुआ था, जिसमें भारत से 150 प्रबुद्ध लोगों ने भाग लिया था। इस महोत्सव में दुनिया की कई बड़ी हस्तियां भी पहुंची थी। इसी तरज पर इस बार यह आयोजन कनाडा में होगा। वहीं दूसरे दिन 17 सितंबर को टोरंटो मिसिसॉगा में भी सेमिनार का आयोजन होगा। इन सेमिनारों में कनाडा और भारत की कई बड़ी हस्तियां हिस्सा लेंगी। इस महोत्सव का अंतिम दिन सबसे खास रहने वाला है। 18 सितंबर को डाउन टाउन में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें कनाडा वासियों को आध्यत्मिक रसपान कराया जाएगा। यह नजारा बहुत ही अद्भुत और आलौकिक होगा। इस महोत्सव के लिए प्रत्येक कनाडावासी को तो निमंत्रण दिया ही जाएगा वहीं भारत से इसमें संत महात्मा, अधिकारी, प्रोफेसर, शोधार्थी व समाज के प्रबुद्धजनों का डेलिगेट शिरकत करेगा।
विज्ञापन

बता दें कि गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के बाद इस माह कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड का तीन सदस्यीय शिष्टमंडल कनाडा का दौरा करने के लिए गया था जो आठ दिन वहां लगाकर चार दिन पहले ही लौटा है। इस शिष्टमंडल में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, केडीबी के सीईओ चंद्रकांत कटारिया और सदस्य उपेंद्र सिंघल शामिल थे। शिष्टमंडल ने भी वहां कई संस्थाओं से मिलकर इस महोत्सव में सहभागिता का आह्वान किया और तीन दिवसीय कार्यक्रम कब और किस स्थान पर आयोजित होगा यह फाइनल किया।
कनाडा में आयोजित गीता महोत्सव में जुड़ने के लिए वहां की 100 से ज्यादा संस्थाएं आगे आई हैं। यह संस्थाएं हर प्रकार से महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग करेंगी। बता दें कि विदेश में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाने का सिलसिला सबसे पहले 2019 में मॉरिशियस से शुरू हुआ था। यहां पर 2019 में 12 से 17 फरवरी तक महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इसके बाद 2019 में ही लंदन में बड़े स्तर पर महोत्सव मनाया गया। इसके बाद मार्च 2020 में महोत्सव ऑस्ट्रेलिया में मनाया जाना था, लेकिन कोरोना के कारण आयोजन नहीं हो पाया।
विज्ञापन

कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने बताया कि कनाडा में आठ दिन की यात्रा के दौरान उन्होंने अलग-अलग शहरों में जाकर विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। सबसे विचार विमर्श करने के बाद शेड्यूल तय कर लिया गया है। 16 सितंबर को ओटावा में स्थित पार्लियामेंट और 17 सितंबर को टोरंटो मिसिसॉगा में गीता पर आधारित एक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। वहीं 18 सितंबर को डाउन टाउन में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। तीन दिवसीय महोत्सव को सफल बनाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हें। इस महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य गीता को जन-जन तक पहुंचाना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें