शाहाबाद। दयानंद महिला महाविद्यालय में नेहरू युवा केंद्र की ओर से जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें सतलुज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने नृत्य प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया।
प्राचार्य डॉ. आरएस घुम्मन ने बताया कि इस तरह के उत्सव हमारी सांस्कृतिक धरोहर एवं मूल्यों के प्रति युवाओं को जागरूक बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उत्सव में भाग लेने के लिए स्कूल के विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने बताया कि विजेता विद्यार्थियों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, नेहरू युवा केंद्र के राज्य निदेशक नरेंद्र यादव व डीएन कॉलेज की प्राचार्या मीनाक्षी ठकराल ने सर्टिफिकेट व मेडल देकर सम्मानित किया और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर डॉ. आरएस घुम्मन ने स्कूल के नृत्य अध्यापक बलजीत सिंह को विद्यार्थियों को तैयार करने व उन्हें तीसरा स्थान दिलवाने पर बधाई दी और स्कूल में पहुंचने पर विजेता विद्यार्थियों का भव्य स्वागत किया।