संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। खरींडवा गांव के सरपंच को बर्खास्त किया गया है। यह कार्रवाई उपायुक्त कुरुक्षेत्र के आदेश के बाद हुई है। आदेश में लिखा गया है कि खरींडवा गांव के सरपंच पवन कुमार की दसवीं का सर्टिफिकेट जांच के बाद सही नहीं पाया गया है, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई और सरपंच को बर्खास्त किया गया।
आदेश में उपायुक्त ने बीडीपीओ शाहाबाद को लिखा की तुरंत पंचायत का कार्यभार पूर्ण बहुमत वाले पंच को सौंपा जाए। जानकारी के मुताबिक गांव खरींडवा निवासी संजीव कुमार पुत्र राजकुमार और प्रेम सिंह पुत्र सुरता राम ने कुछ दिन पहले उपायुक्त कुरुक्षेत्र को यह शिकायत दी थी कि उनके गांव के मौजूदा सरपंच पवन कुमार ने चुनाव के दौरान अपने नामांकन के साथ जो दसवीं का सर्टिफिकेट लगाया था और इस सर्टिफिकेट की जांच होना जरूरी है।
शिकायत पर उपायुक्त ने जांच की और सर्टिफिकेट सही नहीं मिलने पर सरपंच को बर्खास्त करने के आदेश जारी किए।