कुरुक्षेत्र। खंड थानेसर की ग्राम पंचायत कंवारखेड़ी की सरपंच नेहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पंचायत के कार्यों में गंभीर अनियमितताओं और पंचायत फंड के दुरुपयोग से संबंधित शिकायतों की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि इस मामले में सरपंच के विरुद्ध पंचायत फंड के दुरुपयोग एवं अनियमितताओं को लेकर शिकायत मिली थी। जांच के लिए जिला परिषद के उपमंडल अभियंता की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी ने अपनी जांच रिपोर्ट दी है।
गत छह अक्तूबर को शिकायतकर्ताओं एवं संबंधित हितधारकों को शामिल करते हुए ग्राम पंचायत कंवारखेड़ी की साइट का मौका निरीक्षण भी किया गया। जांच के दौरान सरपंच द्वारा जांच कमेटी को अपेक्षित सहयोग नहीं दिए जाने की बात भी सामने आई थी। जांच रिपोर्ट में पंचायत के कार्यों में गंभीर अनियमितताओं तथा पंचायत फंड एवं सार्वजनिक धन के दुरुपयोग से संबंधित निष्कर्ष दर्ज किए गए।
उन्होंने कहा कि मौका दिए जाने के बावजूद सरपंच अपने बचाव में कोई दस्तावेज अथवा साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाई। उपलब्ध दस्तावेज, जांच कमेटी की रिपोर्ट तथा उपमंडल अभियंता, जिला परिषद की ओर से प्रस्तुत तथ्यों का अवलोकन करने के बाद सरपंच को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए। उन्होंने जारी आदेश में कहा कि निलंबन अवधि के दौरान सरपंच पंचायत के किसी भी कार्य की कार्रवाई में भाग नहीं ले सकेंगी, साथ ही उन्हें ग्राम पंचायत की चल एवं अचल संपत्ति का कार्यभार किसी अन्य पंच को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पंचायत के नियमित कार्य प्रभावित न हों।