शाहाबाद। मारकंडा नेशनल कॉलेज की एनसीसी यूनिट द्वारा प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में रन फॉर यूनिटी तथा शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. सुरेश कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मंजू गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने आजादी के बाद देश की 562 रियासतों को भारत संघ में विलय कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। यह कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण था, किंतु उनकी दूरदर्शिता, कूटनीति और दृढ़ इच्छाशक्ति ने इसे संभव बनाया। प्रो. मंजू गुप्ता ने कहा कि सरदार पटेल के योगदान के सम्मान में वर्ष 2014 से 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि सरदार पटेल ने न केवल राजनीतिक एकीकरण किया, बल्कि प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए आईएएस और आईपीएस जैसी अखिल भारतीय सेवाओं की स्थापना की।
इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक रन फॉर यूनिटी में भाग लिया तथा राष्ट्रीय एकता की शपथ ग्रहण की। सभी विद्यार्थियों ने देश की अखंडता और एकता में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रो. सुरेंद्र सिंह काजल, प्रो. कल्पना, डॉ.जवाहरलाल, डॉ.प्राची, डॉ. अजय कुमार अरोड़ा, प्रो. सिद्धांत, ईशान सहित लगभग 50 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।