कुरुक्षेत्र। प्रतिभागी छात्राओं के साथ प्राचार्य सहित अन्य सदस्य। संवाद
कुरुक्षेत्र। दयानंद महिला महाविद्यालय में सातवें राष्ट्रीय पोषण माह के उपलक्ष्य में गृह विज्ञान विभाग द्वारा आयरन रिच रेसिपी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों में कुपोषण, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया तथा पौष्टिक आहार जैसे विषयों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित रहा। संयोजिका डॉ. श्वेता सैनी ने बताया कि आयरन रिच रेसिपी बनाओ प्रतियोगिता में छात्रा सान्या और नितिका ने पहला स्थान प्राप्त किया, बसंती और सविता दूसरे स्थान पर रही तथा नैन्सी और कोमल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने विजेता छात्राओं को प्रोत्साहित किया तथा बताया कि प्रतियोगिता से विद्यार्थियों को न केवल आयरन से युक्त खाद्य पदार्थों के बारे में जानकारी मिली तथा उन्हें रेसिपी बनाने की विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में भी ज्ञान प्राप्त हुआ। छात्राओं ने आयरन रिच खाद्य पदार्थों से पालक के पकोड़े, पालक के चीले, हलीम के बीज की खीर, गुड़ के चावल, गुड़ की खीर, बाजरे के लड्डू, बाजरे की मठिया, आटे के चोकर के लड्डू, पोहे के लड्डू और पोहे की टिक्की सहित अन्य व्यंजन बनाए। प्राचार्य डॉ. उपासना आहूजा ने कहा कि छात्राएं इस जानकारी का लाभ अपने जीवन में तो उठाने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को एनीमिया के बारे में बताएं और आयरन युक्त भोजन करने के लिए प्रोत्साहित करें ताकि हम सब लोग सही मायने में राष्ट्रीय पोषण माह की जागरूकता यात्रा में अपना योगदान दे पाएं।