कुरुक्षेत्र। गत सप्ताह मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अजय कुमार निवासी असमानपुर के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई। थाना पिहोवा में 20 सितंबर को दर्ज शिकायत में नत्था सिंह निवासी पिहोवा ने बताया था कि वह 20 सितंबर को शोर सुनकर अपनी दुकान से बाहर आया तो लवली निवासी असमानपुर अपने 10-12 अन्य साथियों के साथ उसके पड़ोसी गुरमीत सिंह के साथ मारपीट कर रहे थे। उसने बीच-बचाव किया तो एक युवक ने उसे धक्का मारकर नीचे गिरा तो दूसरे युवक ने उसकी टांग के ऊपर से गाड़ी निकाल दी थी। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। संवाद
बाइक चुराने की कोशिश करने का आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। बाइक चुराने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रवि निवासी शाहाबाद के कब्जे से चोरीशुदा बाइक बरामद हुई। थाना शाहाबाद में दर्ज शिकायत में विवेक उर्फ विक्की हाल निवासी लाडवा रोड शाहाबाद ने बताया था कि वह मिल में नौकरी करता है। 29 सितंबर को वह आरा मशीन पर काम कर रहा था। दुकानदार की बाइक बाहर खड़ी हुई थी। उसने सीसीटीवी फुटेज में देखा तो एक युवक चाबी लगाकर बाइक चुराने की कोशिश कर रहा था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी रवि गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी को कारागार भेज दिया गया। संवाद