श्रीमद्भगवद्गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्या भारती द्वारा आयोजित 33वे प्रांतीय खेलकूद समारोह का समापन हुआ। प्रतियोगिता में ओवरऑल ट्रॉफी संकुल ने जीती। कार्यक्रम का शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के उपाध्यक्ष सुरेंद्र अत्री, सह संतगठन मंत्री बालकिशन व प्राचार्य अनिल कुलश्रेष्ठ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि मदन मोहन छाबड़ा ने कहा कि हमें खेल भावना से खेलना चाहिए। खेल के माध्यम से हमारे बीच अनुशासन, एकता, भाईचारा व टीम भावना का विकास होता है। हमें मेजर ध्यानचंद से प्रेरणा लेते हुए एक आदर्श खेल भावना को अपनाना चाहिए। वर्तमान में इंग्लैंड में राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के खिलाड़ियों ने अब तक 49 पदक प्राप्त कर लिए हैं। उन सभी खिलाड़ियों में सर्वाधिक पदक हरियाणा के खिलाड़ियों के हैं।
खेलकूद के प्रांत संयोजक किशोर चौहान ने बताया कि पूरे प्रांत से 545 खिलाड़ियों ने इस समारोह में भाग लिया। गीता विद्यालय के छात्र विशाल व तुषार ने अंडर-19 में क्रॉस कंट्री 200 मीटर व 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। गीता विद्या मंदिर गोहाना के छात्र अमित ने 500 व 800 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोपाल विद्या मंदिर की छात्रा दिशा ने डिस्कस थ्रो में प्रथम स्थान प्राप्त किया। समारोह की ओवरआल ट्रॉफी कुरुक्षेत्र संकुल ने प्राप्त की। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक अशोक रोशा, संगीत आचार्य कनिका शर्मा, रामकुमार लोहान, डॉ. पंकज शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।