कुरुक्षेत्र। स्वदेशी जागरण मंच की जिला इकाई की ओर से पांच दिवसीय स्वदेशी संकल्प यात्रा का शुभारंभ शुक्रवार को माता भद्रकाली मंदिर से हुआ। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने तिरंगा फहराकर यात्रा को रवाना किया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने यात्रा को शुभकामनाएं दीं।
प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि आज अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ भारत के लिए चुनौती हैं लेकिन जैसे पोखरण परीक्षण के समय भारत ने विदेशी प्रतिबंधों का सामना किया और आत्मनिर्भरता का परिचय दिया था। वैसे ही आज भी स्वदेशी के बल पर इन चुनौतियों का मुकाबला किया जा सकता है। भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र गोल्डी ने कहा कि आजादी के लिए क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। अब समय है कि विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार कर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर आर्थिक आजादी पाई जाए।
यात्रा संयोजक डॉ. अजय जांगड़ा ने बताया कि पांच दिनों में यात्रा थानेसर, लाडवा, शाहबाद और पिहोवा विधानसभा क्षेत्रों के शहरी व ग्रामीण इलाकों में पहुंचेगी। यहां नागरिकों से स्वदेशी अपनाने का आग्रह किया जाएगा। यात्रा का भव्य स्वागत भद्रकाली चौक, हर्षवर्धन टीला, जांगड़ा सभा, पांचाल सभा, जाट समाज सभा, बैरागी सभा, गुज्जर सभा सहित कई सामाजिक संस्थाओं ने किया। स्वदेशी संकल्प यात्रा ने सन्निहित सरोवर, रेलवे रोड, अनाज मंडी चौक, प्रेरणा वृद्ध आश्रम, सुंदर पुल, सेक्टर 13, अग्रसेन चौक, नया बस स्टैंड, सेक्टर सात, सेक्टर पांच, सेक्टर तीन और उमरी चौक तक का मार्ग तय किया। जगह-जगह समाजसेवियों व संगठनों ने स्वागत किया। इस मौके पर रविंद्र पवार, तारा चंद, मलकीत ढांडा, राजकुमार सैनी, हरिकेश पपोसा, गगनदीप हांडा, डॉ. सीमा, डॉ. देवेंद्र बीबीपुरिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्वदेशी से जागेगा स्वाभिमान
प्रेरणा संस्था के संस्थापक जयभगवान सिंगला ने कहा कि स्वदेशी से स्वाभिमान जाग्रत होता है। इससे देशभक्ति और राष्ट्र शक्ति का विकास होता है। लोकल से वोकल का यह अभियान छोटे व्यापारियों को लाभ देगा और त्योहारों की रौनक बढ़ाएगा।
कुरुक्षेत्र। तिरंगा के साथ यात्रा का शुभारंभ करते कार्यकर्ता। संवाद