कुरुक्षेत्र।नगर परिषद कार्यालय में धरने पर बैठे सफाई कर्मी। संवाद
कुरुक्षेत्र। नगरपरिषद कार्यालय के बाहर शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों ने 17 टिप्पर चालकों और उनके साथ काम करने वाले कर्मचारियों को दोबारा काम पर नहीं रखने के विरोध में धरना शुरू कर दिया।
कर्मचारी सुबह से देर शाम तक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे। सफाई कर्मचारी इकाई के जिला प्रधान सुनील लोहट ने कहा कि पिछली हड़ताल के बाद सरकार के साथ हुए समझौते में तय हुआ था कि किसी भी कर्मचारी को नौकरी से नहीं हटाया जाएगा लेकिन 17 टिप्पर चालकों और हेल्परों को दोबारा काम पर नहीं रखा गया।
सुनील लोहट ने कहा कि कर्मचारी नहीं चाहते कि दीपावली के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो। अभी शहर साफ है और कर्मचारियों की मांग केवल इतनी है कि समझौते के अनुसार ठेके पर, पेरोल या किसी भी व्यवस्था के तहत काम कर रहे कर्मचारियों को दोबारा काम पर लिया जाए। उन्होंने कहा कि यह 17 लोगों की नौकरी के साथ 17 परिवारों के रोजगार का मामला है। मांग पूरी नहीं हुई तो सोमवार से पिहोवा, शाहाबाद, लाडवा और कुरुक्षेत्र में धरना देकर हड़ताल शुरू की जाएगी और इसे रैली का रूप दिया जाएगा।