कुरुक्षेत्र। राज्य कमेटी मैकेनिकल वर्कर यूनियन के कर्मचारियों ने सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान ओमप्रकाश ने बताया कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों, पंचायती ट्यूबवेल ऑपरेटर के लिए पंचायत विभाग ने एक मोबाइल ऐप तैयार की है, जिससे इन विभागों के कर्मचारियों की हाजिरी अब ऐप के माध्यम से लगेंगी और हाजिरी लगने के तीन दिन बाद उसका सत्यापन ग्राम सचिव करेगा। इसके पश्चात गांव का सरपंच उस ऐप के माध्यम से वेतन भुगतान की ऑनलाइन सिफारिश करेगा। इसके पश्चात निजी बैंक कर्मियों के मानदेय का भुगतान करेगा। जबकि इन कर्मियों के वेतन से लेकर बिल बनाने का काम अब तक सीडीपीओ कार्यालय करता था, जो कि अब सरपंचों से कराया जाएगा। इससे अब कर्मचारियों को सरपंच के शोषण का सामना करना पड़ेगा।
प्रदेश सरकार को समय रहते ऐप को बंद करना चाहिए और कर्मचारियों को बीडीपीओ कार्यालय के माध्यम से वेतन दिया जाना चाहिए। प्रदेश सरकार अगर ऐसा नहीं करती तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अनिल कुमार, अशोक कुमार, सुरेंद्र यादव, बलदेव राज, आनंद सिंह, महेंद्र पाल, बलवान सिंह, अमरीक सिंह, जगन्नाथ, विशाल सैन, बिट्टू रंगा सहित अन्य मौजूद रहे।