कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ और ऑफसेट प्रिंटर्स एसोसिएशन लुधियाना के सहयोग से सीनेट हॉल में सोमवार को एक दिवसीय छठे नॉर्थ जोन ओलंपियाड का आयोजन किया गया। जिसमें गुरु जंभेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालय हिसार की बीटेक प्रिंटिंग पैकेजिंग की छात्रा अन्नू अव्वल रही। इसमें तीन विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिसमें निदेशिका प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से प्रिंटिंग और ग्राफिक्स इंडस्ट्री में आ रहे नए तकनीकी बदलावों को जानने का अवसर विद्यार्थियों को मिलेगा और विद्यार्थी उसी अनुरूप खुद को तैयार कर सकेंगे। ओलंपियाड का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने कार्य में सशक्त बनाना है, जिससे वह सशक्त भारत 2047 के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभा सकें।
ऑफसेट प्रिंटर्स एसोसिएशन लुधियाना के अध्यक्ष प्रो. कमल चोपड़ा ने कहा कि प्रिंटिंग इंडस्ट्री मानव इतिहास के सर्वोत्तम आविष्कारों में से एक है, जिसने सबसे ज्यादा तकनीकी रूप में स्वयं को भी आगे बढ़ाया है और दूसरे क्षेत्रों को भी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। मुख्यातिथि छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी ने कहा कि प्रिंट ओलंपियाड के माध्यम से विद्यार्थियों को अपना सुनहरा भविष्य बनाने का मार्ग मिलेगा। कुवि का एंटरप्रन्योर सैल अपने विद्यार्थियों को स्टार्टअप लगाने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से हर संभव कोशिश कर रहा है, जिससे विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने में बल मिलेगा।
अविनाशिलिंगम डीम्ड यूनिवर्सिटी की प्रो. टीकेएस प्रिया लक्ष्मी ने कहा कि वर्तमान में विश्व 4.0 इंडस्ट्री पर आ चुकी है, जिनमें प्रथम हेडमैड, दूसरी मैकेनिकल, तीसरी इलेक्ट्रॉनिक और चौथी कंप्यूटर आधारित है। इन 4.0 इंडस्ट्री में एआई ने भी अपना स्थान बना लिया है। इस दौरान निर्णायक मंडल में सीएसआईआर पूसा नई दिल्ली प्राचार्य बीके नागपाल, देवाशीश फूड पैकेजिंग एंड रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सुरेंद्र जैन, पैक्सवैल केटेनर यमुनानगर निदेशक रजत गुलाटी, पूर्व आईसीएआर नई दिल्ली एसके जोशी ने निभाई।