सांसद राजकुमार सैनी की समानता रैली में सुरक्षा व्यवस्था पर स्याही कांड की यादें भी रहीं। यही कारण था कि कार्यक्रम स्थल के अलावा आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। खुद एसपी सिमरदीप सिंह ने कई बार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा मंच पर भी डीएसपी नुपूर विश्नोई सहित अन्य पुलिसकर्मी सांसद सैनी को पूरा वक्त घेरे रहे। इधर कार्यक्रम के चलते थर्ड गेट से लेकर रेलवे रोड तक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। जगह जगह नाके लगाए थे। आयोजकों की तरफ से हर चौराहे पर वीडियोग्राफी कराई गई। कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी गई।
कार्यक्रम के लिए सुबह 11 बजे का वक्त दिया गया था, लेकिन राजस्थान सहित दूर दराज के क्षेत्रों से लोग रविवार रात से ही आना शुरू हो गए थे। ब्रह्मसरोवर के पास पार्किंग स्थल बनाया गया था। यहां से म्युजियम की ओर जाने वाले रास्ते पर भी नाका लगाया गया था। रेलवे रोड, श्रीकृष्णा म्युजियम, गुरुद्वारा चौक सहित अन्य चौराहों पर आयोजकों की ओर से वीडियोग्राफर लगाए गए थे। कार्यक्रम स्थल के लिए चार तरफ से गेट बनाए गए थे। इन गेटों पर कुल आठ मेटल डिटेक्टर लगाए गए। इसके बाद भी पुलिसकर्मी हर व्यक्ति की बारीकी से जांच कर रहे थे। यहां तक कि पुलिसकर्मी अलग तरह की पैनों पर भी तीखी नजर रखे हुए थे। कई लोगों के जेब से पेन निकाल कर भी चेक की गई। इसके पीछे भी स्याही कांड की याद को ही कारण बताया जा रहा है।
सीआईडी, आईबी ने भी रखी नजर
कार्यक्रम के दौरान सीआईडी और आईबी की टीम भी पूरी तरह से सक्रिय रही। बताया जाता है कि दोनों एजेंसियों ने भी कार्यक्रम पर बारीकी से नजर रखने के लिए वीडियोग्राफी कराई। हर संदिग्ध व्यक्ति को रोक कर उससे पूछताछ भी की गई।