इस्माईलाबाद। राजकीय महाविद्यालय चम्मू कलां में युवा व सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के तत्वावधान में दो दिवसीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यवाहक प्रभारी रवि कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. किरण गर्ग ने कहा कि प्रतिभा खोज प्रतियोगिता विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को निखारती है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता से पहले सभी विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें चयनित छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बुधवार को आयोजित सांस्कृतिक उत्सव में पेंटिंग, भाषण, काव्य पाठन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। डॉ. किरण गर्ग, प्रो. ममतेश, प्रो. ललिता, प्रो. कुलदीप कुमार, प्रो. रजत कुमार, प्रो. रवि और डॉ. विक्रमजीत मान ने संयुक्त रूप से कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।
प्रतियोगिता के परिणाम
- काव्य पाठन : बीए तृतीय वर्ष के सचिन प्रथम, बीए प्रथम वर्ष की अंजली द्वितीय और बीकॉम तृतीय वर्ष के अमित तृतीय स्थान पर रहे।
- भाषण प्रतियोगिता : सचिन ने प्रथम, पलकदीप कौर ने द्वितीय और अंजली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
- पेंटिंग प्रतियोगिता : पायल प्रथम, सतनाम सिंह द्वितीय और दिलावर सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
- प्रश्नोत्तरी : सुनिधि, सिमरनजीत कौर और पलकदीप कौर की टीम ने प्रथम, सतनाम सिंह, सीमा और स्नेहा रांगरे की टीम ने द्वितीय, जबकि अमनप्रीत कौर, हिमांशी और रितु वर्मा की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।