झांसा रोड पर किराये पर लिए हुए एक होटल पर शराब माफिया के दो दर्जन लोगों द्वारा हथियारों से लैस होकर मारपीट, तोड़फोड़, नकदी, डीवीआर छीनने और धमकी देने का मामला उजागर हुआ है। जानकारी के अनुसार महिला मंदीप कौर पत्नी देवेंद्र सिंह निवासी श्याम कॉलोनी ने बताया कि उसके पति ने झांसा रोड पर होटल डिलाइट को किराये पर लिया हुआ है। उक्त होटल को लिए हुए डेढ़ माह हुआ है। महिला के मुताबिक होटल के सामने अंग्रेजी शराब का ठेका है। इस ठेके में निवासी शाहपुर मन्जोठा जिला अंबाला हिस्सेदार है। उक्त व्यक्ति ने उसके पति देवेंद्र से कहा कि अपने होटल में मेरी शराब बेच दिया करो। पति ने मना कर दिया। जिस पर शराब के ठेके का हिस्सेदार रंजिश रखने लगा।
8 अगस्त की रात्रि 9 बजे अपने साथ ठेके के सेल्समैन सहित 25 लोगों को लेकर होटल में आ पहुंचा। होटल के अंदर घुसते ही उसके पति के साथ गाली-गलौच, मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान होटल में महिला ग्राहक भी थी। उनके सामने अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इन हमलावरों ने होटल के शीशे तोड़ डाले। प्रत्येक कमरों में घुसकर कमरों में लगे एलसीडी, एसी और अन्य सामान को तोड़ दिया। होटल के बाहर हमारे और ग्राहकों के वाहन जिनमें मोटरसाइकिल, स्कूटर आदि तोड़ डाले। इतना ही नहीं इन हमलावरों ने होटल के सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए। डीवीआर और सेल्स की नकदी 35 हजार छीनकर ले गए। जाते समय हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी। मामले की जानकारी मिलते ही कृष्णा गेट थाना प्रभारी मांगेराम दलबल सहित मौके पर पहुंचे। इस मामले में घटनास्थल का मुआयना करते हुए महिला मंदीप कौर की शिकायत पर शराब ठेके के हिस्सेदार रोहित सहित 2 दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।