कुरुक्षेत्र। कोरोना जांच रिपोर्ट के लिए अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग आगामी सप्ताह तक जिला अस्पताल में रिवर्स ट्रांसक्रिप्शन पॉलीमर्स चेन रिएक्शन (आरटीपीसीआर) जांच लैब शुरू करने की तैयारी में है। विभाग ने पैथोलॉजिस्ट और लैब टेक्नीशियन को प्रशिक्षण भी दे दिया है। एक विशेषज्ञ की अंबाला से डेपुटेशन पर एलएनजेपी अस्पताल में ड्यूटी लगाई गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले सप्ताह तक जिला अस्पताल में आरटीपीसीआर लैब शुरू हो जाएगी। इससे स्वास्थ्य विभाग का सिरदर्द भी कम होगा और संदिग्ध एवं संक्रमित मरीजों को समय पर कोरोना जांच रिपोर्ट मिल सकेगी। अब तक स्वास्थ्य विभाग जिलेभर के स्वास्थ्य केंद्रों से आरटीपीसीआर सैंपल एकत्र कर जांच के लिए अंबाला और यमुनानगर भेज रहा था, लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग को आर्थिक फायदा भी होगा और 24 घंटे के दौरान कोरोना पॉजिटिव मरीज को उपचार दिया जा सकेगा। इससे पहले कोरोना पॉजिटिव और संदिग्ध मरीजों को कोरोना वायरस की सबसे सटीक आरटीपीसीआर जांच के लिए तीन-चार दिनों का इंतजार नहीं करना पड़ रहा था। तब तक संक्रमित व्यक्ति बड़ी संख्या में लोगों को संक्रमित कर चुके होते थे। अब जिले में आरटीपीसीआर जांच लैब शुरू कराने को लेकर युद्धस्तर पर तैयारी चल रही है। जिला स्वास्थ्य विभाग से भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) से लैब संचालित करने के लिए अप्रूवल मांगी गई है।